जबरदस्त समर्थन: प्रोम्पी फिर बने मंडल सचिव, कर्मचारियों ने जताया अटूट विश्वास
लगातार दूसरी बार रेलवे मजदूर संघ बिलासपुर मंडल सचिव चुने गए प्रोम्पी, जुझारू नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं ने जताया विश्वास
शहडोल। बीते रोज़ 13 दिसंबर, 2025 को बिलासपुर स्थित पटेल भवन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ बिलासपुर मंडल की वार्षिक बैठक और चुनाव संपन्न हुए। यह आयोजन संगठन के भविष्य के लिए नई उम्मीदें लेकर आया है, जिसका मुख्य केंद्र प्रोम्पी कुमार सिंह का जुझारू नेतृत्व रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राकेश साहू ने की तथा मंच संचालन मंडल सचिव प्रोम्पी कुमार सिंह ने किया। इस दौरान, प्रोम्पी कुमार सिंह ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ के वार्षिक कार्यों की रूपरेखा सदस्यों के समक्ष रखी, जिसके बाद भारतीय रेलवे मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री संतोष पटेल और ज़ोनल महामंत्री तिरुमलेश नायडू सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उन्हें ऊर्जा से ओत-प्रोत किया। चुनाव अधिकारी के रूप में संजय तिवारी (भारतीय मजदूर संघ जिला मंत्री) मंच पर उपस्थित रहे। इस बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या ने संगठन के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाया।
नई कमान: जुझारू प्रोम्पी फिर बने सचिव
अध्यक्ष राकेश साहू के सम्बोधन के पश्चात पूर्व मंडल कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया। ज़ोनल कार्यकारिणी की सहमति से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ, बिलासपुर मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसने संगठन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और कार्यकर्ताओं के विश्वास को मज़बूत किया। इस महत्वपूर्ण पुनर्गठन में, एक बार फिर सभी ने जुझारू नेता प्रोम्पी कुमार सिंह को सर्वसम्मति से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मंडल बिलासपुर का सचिव चुना गया। इसके साथ ही, राकेश साहू को भी दोबारा मंडल अध्यक्ष चुना गया। दोनों प्रमुख पदों पर पुरानी जुझारू जोड़ी का लौटना यह स्पष्ट करता है कि संगठन को आगे ले जाने की जिम्मेदारी इन्हीं दोनों नेताओं पर है और इनके नेतृत्व में उज्जवल परिणाम की उम्मीद है।
कार्यकारिणी विस्तार: संगठन को मिली नई धार
इसके अलावा, नई मंडल कार्यकारिणी में कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में राम निवास जैतवार, उपाध्यक्ष के रूप में आर के सिंह, उत्तम दास मानिकपूरी, सुनील कुमार झा, सहसचिव के रूप में अंकित शुक्ला, संतोष गुप्ता, संजय यादव, ओम प्रकाश, संगठन सचिव के रूप में हरीश ड़हरवार और कोषाध्यक्ष के रूप में प्रताप कुमार साहू को शामिल किया गया। नई टीम को संगठन को आगे ले जाने और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करने की अपेक्षा के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

0 Comments