शहडोल। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शहडोल रेलवे स्टेशन पर रोक लिया। दिल्ली रवाना होने की तैयारी कर रहे इन कार्यकर्ताओं को स्टेशन परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए प्रमुख नेताओं में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम, प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला, जिला महासचिव शेख आबिद, जयसिंहनगर विधानसभा अध्यक्ष शेख साजिल और सत्यम प्रजापति शामिल थे। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद इन सभी कार्यकर्ताओं को देर रात सिटी कोतवाली से रिहा कर दिया गया।
देर रात रिहाई के बाद युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम ने पुलिस की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी के 'बब्बर शेर' हैं और वे इस तरह की दमनकारी नीतियों या पुलिसिया कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह लोकतांत्रिक विरोध आगे भी जारी रहेगा और वे अपने अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहेंगे।



0 Comments