धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप: नाज़िया इलाही खान के खिलाफ सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज
रिजवान खान
शहडोल। शहडोल जिले के सोहागपुर थाने में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की ओर से एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। AIMIM के शहडोल सदस्यता अभियान प्रभारी मोहम्मद यासीन खान ने थाना प्रभारी सोहागपुर को यह ज्ञापन सौंपा। इस शिकायत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पैगंबर हज़रत मुहम्मद साहब और उम्मुल मोमिनीन हज़रत आयशा सिद्दीका (रज़ि.) के खिलाफ की गई कथित घोर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की गई है।
इंस्टाग्राम रील के जरिए धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
शिकायत पत्र के अनुसार, मोहम्मद यासीन खान ने 26 जून 2026 को इंस्टाग्राम पर एक पॉडकास्ट/रील देखी, जिसे 'दिव्या सिंह' के अकाउंट से प्रसारित किया गया था। ज्ञापन में बताया गया है कि 11 जून 2026 को अपलोड किए गए इस वीडियो में 'नाज़िया इलाही खान' नामक महिला द्वारा बेहद आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले वक्तव्य दिए गए हैं। शिकायतकर्ता ने वीडियो और संबंधित प्रोफाइल के लिंक भी पुलिस को सबूत के तौर पर संलग्न कर सौंपे हैं।
सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका, कड़ी कार्रवाई की गुहार
शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि डिजिटल माध्यम से तेजी से प्रसारित हो रही इस वीडियो के कारण मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं। मोहम्मद यासीन खान ने आशंका जताई है कि ऐसी विवादित और भड़काऊ टिप्पणियों से सार्वजनिक शांति, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव को खतरा पहुंच सकता है। उन्होंने इसे केवल व्यक्तिगत टिप्पणी का मामला न मानते हुए, सामाजिक शांति से जुड़ा एक गंभीर विषय बताया है। ज्ञापन के अंत में, AIMIM नेता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नाज़िया इलाही खान, दिव्या सिंह और इस विवादित पॉडकास्ट के निर्माण, रिकॉर्डिंग और प्रसार में शामिल सभी जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा (FIR) दर्ज किया जाए और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले की शांति व्यवस्था बनी रहे। इस अवसर पर मोहम्मद यासीन ख़ान के साथ ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन AIMIM शहडोल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सोहागपुर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।





0 Comments