थाना परिसर में गूंजा हनुमान चालीसा, जनआक्रोश और भारी दबाव के बाद बैकफुट पर आई पुलिस
सत्ता के नशे में चूर नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी पर एफआईआर, मां दुर्गा की प्रतिमा का किया था सरेआम अपमान
बीएनएस की गंभीर धाराओं में मामला कायम, अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर बढ़ा दबाव
विशेष संवाददाता गजेंद्र सिंह परिहार की रिपोर्ट।
बुढ़ार में कथित अवैध निर्माण की आड़ में पनपे विवाद और मां दुर्गा की प्रतिमा के सरेआम अपमान के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इस खबर पर कड़ा संज्ञान लेते हुए हिंदू संगठनों और स्थानीय नेताओं ने बुढ़ार थाने में उग्र धरना प्रदर्शन किया। जनआक्रोश और भारी दबाव के चलते पुलिस महकमे को झुकना पड़ा और तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी पड़ी। बुढ़ार नगर परिषद के उपाध्यक्ष शेखर चौधरी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। इस कार्रवाई से स्पष्ट हो गया है कि आस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
शहडोल : बुढ़ार नगर में दुर्गा पंडाल के पास हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद से ही जनमानस में भारी उबाल था। रसूखदार उपाध्यक्ष द्वारा जिस उग्रता के साथ मां दुर्गा की मूर्ति को कथित तौर पर पैरों के पास पटका गया, उसने समूचे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब इस खबर को प्रमुखता से उठाया गया, तो स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़कों पर उतर आया। शुरुआती दौर में पुलिस मूकदर्शक नजर आ रही थी, लेकिन जनांदोलन भड़कने के बाद प्रशासन बैकफुट पर आ गया। एफआईआर दर्ज होने से जिले में कड़ा संदेश गया है कि धार्मिक आस्थाओं को कुचलने का दुस्साहस बर्दाश्त नहीं होगा।
थाने में गूंजी हनुमान चालीसा, पुलिस पर बढ़ा दबाव
प्रतिमा अपमान के इस खौफनाक कृत्य के विरोध में बुढ़ार का हिंदू समाज लामबंद होकर सड़क पर उतर आया। पुलिस द्वारा मामले में देरी किए जाने की आशंका के बीच सैकड़ों की संख्या में भाजपा नेताओं और धर्मप्रेमियों ने सीधे बुढ़ार थाने में डेरा डाल दिया। प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर में ही बैठकर उग्र प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा व अन्य धार्मिक पाठ शुरू कर दिए। इस अभूतपूर्व जनदबाव और चौतरफा घिरने के बाद बैकफुट पर आई पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को समझा। भारी जनआक्रोश के आगे झुकते हुए पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज करने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
बुढ़ार पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) के दस्तावेजों के अनुसार, भारी जनदबाव के बाद पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0725 दर्ज करते हुए मामले को विवेचना में लिया है। मुख्य आरोपी नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी एवं अन्य को नामजद करते हुए उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 299, 298 और 196(1)(a) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। यह धाराएं धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने, पवित्र वस्तु का अपमान करने और सामाजिक शांति भंग करने के गंभीर अपराधों से जुड़ी हुई हैं।
जूते पहनकर दीवार से उखाड़कर पैरों में फेंकी प्रतिमा
एफआईआर में दर्ज तथ्यों के अनुसार यह पूरी घटना 10 अक्टूबर को रात करीब सात से आठ बजे के बीच नेहरू पार्क बुढ़ार दुर्गा स्टेज पर घटित हुई। आरोप है कि नेता ने सत्ता के गुरूर में सरेआम जूता पहनकर मंच पर चढ़ने का दुस्साहस किया और मां दुर्गा की प्रतिमा को दीवार से बेरहमी से उखाड़ दिया। उसने कथित तौर पर सभी को दिखाते हुए प्रतिमा को अपने पैरों के पास पटक कर खंडित कर दिया। नवरात्र के पवित्र पर्व पर किए गए इस जघन्य कृत्य ने पूरे देशवासियों की आस्था और हिंदू धर्म की मान्यताओं पर सीधा कुठाराघात किया है।
यह था लिखित शिकायत में
एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार, फरियादी अजय नारायण पाठक और अन्य धर्मप्रेमियों ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में स्पष्ट रूप से बताया है कि आरोपी शेखर चौधरी ने दुर्गा जी की प्रतिमा को जूता पहनकर दीवार से उखाड़ा और पैरों के पास पटककर खंडित कर दिया। इस कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया, जिससे नवरात्र के पावन पर्व पर पूरे देशवासियों की धार्मिक भावनाएं अत्यधिक आहत हुई हैं। शिकायत में यह भी उल्लेखित है कि आरोपी द्वारा धर्म के नाम पर भीड़ इकट्ठी कर दंगा फसाद फैलाने और सामाजिक शांति भंग करने की पूरी कोशिश की गई है, जिसके वीडियो साक्ष्य उपलब्ध कराते हुए सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई थी।
इनका कहना है:
लिखित शिकायत और जनआक्रोश और वायरल वीडियो को मद्देनजर रखते हुए शिकायत के आधार पर शेखर चौधरी एवं अन्य पर बीएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
खेम सिंह
थाना प्रभारी बुढ़ार,शहडोल




0 Comments