शहडोल। जिले के देवलोंद थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चंडी माता के जंगल में एक 18 वर्षीय लापता युवती का शव महुआ के पेड़ से लटकता हुआ मिला। मृतका की पहचान अनुराधा सिंह (पिता रणबहादुर सिंह) के रूप में हुई है। शव की स्थिति को देखकर पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि युवती की मौत करीब पांच दिन पहले हो चुकी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, अनुराधा कुछ दिन पहले घर से बिना किसी को बताए अचानक लापता हो गई थी। अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने 25 जुलाई को देवलोंद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। इसी खोजबीन के दौरान, घर से महज एक किलोमीटर दूर चंडी माता जंगल में पुलिस और परिजनों को युवती का शव पेड़ पर फंदे से झूलता हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने पूछताछ में बताया है कि अनुराधा लंबे समय से पेट दर्द की गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। कई जगह इलाज करवाने के बावजूद कोई फायदा न होने के कारण वह काफी मानसिक तनाव में रहने लगी थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इसी बीमारी और हताशा को आत्महत्या की संभावित वजह मान रही है। हालांकि, देवलोंद पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।


0 Comments