Ticker

6/recent/ticker-posts

नाले के पास मिला युवक का संदिग्ध शव, गले और छाती पर मिले गंभीर चोट के निशान

 


शहडोल/अनूपपुर। अनूपपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोन मौहरी गांव में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि एक 36 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक सिंह गोंड के रूप में हुई है, जिसका शव गांव के ही एक नाले के समीप पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना आधी रात करीब 12 बजे पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. प्रवीण शर्मा ने इस मामले में अहम जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के शरीर पर, विशेषकर गले और छाती पर, गंभीर चोटों के निशान स्पष्ट रूप से देखे गए हैं। इसके अतिरिक्त उसके फेफड़ों में भी गहरे जख्म पाए गए हैं, जो घटना को और भी संदिग्ध बनाते हैं। अस्पताल सहायता केंद्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचनामा की कागजी कार्रवाई पूरी की और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि अशोक को शराब पीने की बुरी लत थी। मामले की जानकारी देते हुए चौकी प्रभारी आरक्षक कमलेश प्रसाद ने परिजनों के हवाले से बताया कि बुधवार रात लगभग 9:30 बजे वह अपने घर से निकलकर करीब एक किलोमीटर दूर स्थित किसी दूसरे मोहल्ले में गया हुआ था। देर रात कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने उसे नाले के पास बेसुध हालत में देखा और इसकी सूचना उसके परिवार वालों को दी थी। पुलिस अब इस पूरी गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है कि आखिर युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शरीर पर यह घातक चोटें कैसे आईं।

Post a Comment

0 Comments