Ticker

6/recent/ticker-posts

विधिक साक्षरता एक सशक्त और जागरूक समाज की आधारशिला - न्यायाधीश


आर्या पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन 


रिजवान खान 

जयसिंहनगर। आर्या पब्लिक स्कूल जयसिंहनगर में बुधवार 29 जुलाई 2026 को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिवलाल केवट रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को कानून की जानकारी रखने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में न्याय, समानता एवं संवैधानिक मूल्यों के पालन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विधिक साक्षरता एक सशक्त और जागरूक समाज की आधारशिला है। अपने उद्बोधन के दौरान मुख्य अतिथि शिवलाल केवट ने आर्या पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अनुशासन, शालीन व्यवहार एवं कार्यक्रम में उनकी सक्रिय सहभागिता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी अनुशासन, संस्कार एवं उत्कृष्ट शिक्षा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं तथा उनका अनुशासित आचरण अत्यंत सराहनीय है।


जिम्मेदार नागरिक निर्माण के लिए ऐसे आयोजन जरूरी 


इस अवसर पर मुख्य रूप से विद्यालय के चेयरमैन ध्रुव सेन सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक एवं नैतिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय की डायरेक्टर मधुलिका सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य सूरज अग्निहोत्री ने सभी अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विधिक विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गयी। इस दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं सक्रियता से कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिवलाल केवट, एडवोकेट नरेंद्र शुक्ला, संतोष तिवारी, राजेन्द्र सेन, प्रणव मिश्रा, नाजिर धर्मदास पटेल सहित विद्यालय स्टाफ एवं काफ़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments